Prof rashmi diwan

अपने प्रारंभिक दिवस से ही नीपा स्थित राष्ट्रीय विद्यालय नेतृत्व केन्द्र, विद्यालय प्रमुखों को उनकी 'क्षमताओं का ज्ञान करवाने', 'विद्यालय' के प्रति लगाव' तथा 'विद्यालय रूपांतरण' हेतु किए जाने वाले प्रयासों के प्रति आश्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है | आज हम उस स्तर पर पहुँच चुके हैं जब हम गर्व से कह सकते हैं कि एन.सी.एस.एल नीपा द्वारा अवधारित विद्यालय नेतृत्व विकास कार्यक्रम पूरे देश में क्रियान्वित है | प्रयास में, सभी राज्यों एवं केन्द्रशासित राज्य सरकारों का योगदान बहुत सराहनीय रहा है | विद्यालय नेतृत्व विकास कार्यक्रम से जुड़े हुए राज्य संसाधन समूह के सदस्यों तथा विद्यालय प्रमुखों का कार्यक्रम के प्रति उत्साह व योगदान भी बहुत प्रशंसनीय है | विद्यालय नेतृत्व एवं प्रबन्धन पर ऑन-लाइन कार्यक्रम, केन्द्र द्वारा विद्यालय नेतृत्व विकास पर प्रारम्भ किये गये कई कार्यक्रमों में से एक है | यह कार्यक्रम, विद्यालय नेतृत्व विकास की पाठ्यचर्या व रुपरेखा पर आधारित है, जिसकी अवधारणा राष्ट्रीय स्तर पर अवश्य की गयी है किन्तु इसकी जड़ों का आधारभूत वास्तविक विद्यालय अभ्यास हैं | साथ ही यह सन्दर्भित नेतृत्व मुद्दों को सम्बोधित करती है | यह कार्यक्रम विद्यालय प्रमुखों की नेतृत्व भूमिका को केन्द्र में रखकर प्रमुखत: ‘अभ्यास-केन्द्रित’उपागम का अनुसरण करता है एवं विद्यालय प्रमुखों को विद्यालय सुधार एवं रूपान्तरण हेतु मुख्य उत्प्रेरक के रूप में उभारता है | इसे विशेषत: प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्य माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रमुखों के लिये निर्मित किया गया है | यह कार्यक्रम विद्यालय रूपांतरण हेतु की जाने वाली पहल के लिए अवसर प्रदान करेगा जो स्वयं के विकास से लेकर विद्यालय आधारित परिवर्तनों व नवाचारों से संबंधित है |

एन.सी.एस.एल, ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय की आज्ञा से मूडल प्लेटफॉर्म का प्रयोग करते हुए ऑनलाइन की अद्भुत दुनिया में प्रवेश करने की चुनौती को स्वीकार किया है | हमारे भीतर यह विश्वास जाग्रत किया कि “हाँ! हम कर सकते हैं | इसके लिए हम सभी मानव संसाधन विकास मंत्रालय के आभारी हैं | एन.सी.एस.एल का प्रत्येक सदस्य, कार्यक्रम के अंतर्गत रुपरेखा तैयार करने, विषय सामग्री, ई-विषय वस्तु,संदर्भित अध्ययन सामग्री, अभ्यास क्रियाएँ, आँकलन एवं प्रदत्तकार्य, श्रव्य-दृश्य लिंक इत्यादि को एकत्र करने के लिए आरंभ से ही अनवरत रूप से कार्य कर रहा है | मैं एन.सी.एस.एल नीपा के दल एवं विश्वविद्यालय के तकनीकी विशेषज्ञों को बधाई देती हूँ जिन्होंने हमारे उप-कुलपति महोदय, प्रो.एन.वी.वर्गीज, के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम के स्वप्न को साकार किया है |

एन.सी.एस.एल, नीपा विद्यालय प्रमुखों को उनकी मंज़िल तक पहुँचाने के लिए, राज्य सरकारों / केन्द्रशासित राज्य सरकारों एवं संसाधन समूहों से सहयोग की अपेक्षा रखता है | मैं आशा करती हूँ कि इस देश का प्रत्येक विद्यालय प्रमुख इस सुविचारित कार्यक्रम से अधिकाधिक लाभान्वित हो एवं विद्यालय परिवर्तन व विकास हेतु एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करे |

आईये, विद्यालय रूपान्तरण की इस यात्रा में एक साथ मिलकर आगे बढ़ें और यह सुनिश्चित करें कि "हर बच्चा सीखे, हर विद्यालय उत्कृष्ट हो" |
"हर बच्चा सीखे, हर विद्यालय उत्कृष्ट हो" |

प्रो. रशिम दीवान